इंदौर….

इंदौर की तेजाजी नगर पुलिस ने तीन आरोपियों पर कार्रवाई की है। आरोपियों ने एक युवती के नाम से फर्जी आईडी बनाकर एक युवक को इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। उसके बाद उसे बायपास पर मिलने बुलाया। यहां डरा-धमकाकर उससे 50 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर सोमवार रात को हिरासत में ले लिया है।
टीआई देवेंद्र मरकाम के अनुसार, राहुल निवासी लवकुश कॉलोनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके इंस्टाग्राम पर प्रिया ठाकुर नाम की युवती से दोस्ती हुई थी। चैटिंग के बाद प्रिया ने मिलने के लिए बायपास के सुनसान इलाके में बुलाया। वहां तीनों आरोपी पंकज खातकर (निवासी लसूडिया), यश सोलंकी (निवासी निरंजनपुर) और विजेंद्र गुप्ता मौजूद थे। तीनों ने डरा धमकाकर अकाउंट से 50 हजार रुपए ट्रांस्फर करवा लिए।
पूछताछ में कबूला जुर्म….
टीआई मरकाम के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने फर्जी प्रोफाइल बनाकर राहुल को जाल में फंसाया और उससे 50 हजार रुपए ट्रांसफर कराए। पुलिस फिलहाल आरोपियों से यह भी पूछताछ कर रही है कि उन्होंने इसी तरीके से कितने और लोगों के साथ ठगी की है।
पकड़े गए आरोपियों में विजेंद्र उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि पंकज बैतूल का निवासी है। पुलिस ने उनके पास से एक बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद की है।














