खंडवा….

खंडवा में ग्राम पंचायतों में हुए भ्रष्टाचार के मामले में 6 सरपंच और सचिवों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुए हैं। यह आदेश न्यायालय जिला पंचायत सीईओ ने जारी किए है। सीईओ डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा ने उन सरपंच और सचिवों के खिलाफ आदेश दिए है, जो कि भ्रष्टाचार मामले में दोषी साबित होने के बाद भी गबन का पैसा शासन को जमा नहीं कर रहे थे। इनके खिलाफ पूर्व में वसूली आदेश निकले हुए थे। जिन सरपंचों की गिरफ्तारी होना है, वह पूर्व सरपंच हो गए हैं।
अब सिलसिलेवार जानिए, इनके खिलाफ जारी हुए वारंट….
1. पंधाना जनपद की गोडवाड़ी ग्राम पंचायत
जनपद पंचायत पंधाना के तहत ग्राम पंचायत गोडवाडी में साल 2021-2022 में स्वीकृत सीसी रोड निर्माण का मामला है। राधेलाल के घर से सुनिल पाचोली के घर तक और नाली निर्माण बिहारी के घर से राकेश घर तक कार्य नहीं कराया गया।
मामले में ग्राम पंचायत गोडवाडी की तत्कालीन सरपंच संगीताबाई व सचिव कोमलराम सांगुले के विरूद्व मप्र पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के तहत आदेश पारित हुए। 13 फरवरी 2024 को 6 लाख 3 हजार रूपए राशि के वसूली आदेश पारित हुए थे। लेकिन सरपंच व सचिव द्वारा वसूली राशि जमा नही कराई गई हैं। दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुए हैं।
2. पंधाना जनपद की ग्राम पंचायत इस्लामपुर
जनपद पंचायत पंधाना के तहत ग्राम पंचायत इस्लामपुर में मनरेगा योजनांतर्गत कार्यों में अनियमितता बरतने के कारण ग्राम पंचायत इस्लामपुर की तत्कालीन सरपंच रामईबाई, सचिव मधु साकले व रोजगार सहायक मुशर्रफ मिया के विरूद्ध आदेश पारित हुए थे। 28 मार्च 2024 को 2 लाख 2 हजार 458 रूपए राशि का वसूली आदेश पारित किया गया। लेकिन सरपंच, सचिव व ग्राम रोजगार सहायक ने वसूली राशि जमा नहीं कराई।
3. पंधाना जनपद की ग्राम पंचायत पाचम्बा
जनपद पंचायत पंधाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पाचम्बा में साल 2021-22 में 15 वां वित्त आयोग से स्वीकृत नाली निर्माण माताजी मंदिर से अनूपसिंह की चक्की तक और सीसी रोड निर्माण इंदिरा आवास से आगंनवाडी भवन की ओर कार्य नहीं कराया गया। ग्राम पंचायत पाचम्बा के तत्कालीन सरपंच अशोक चौहान व सचिव मधु साकले के विरूद्ध आदेश जारी हुए। 1 मार्च 2024 को 3 लाख 25 हजार रूपए राशि का वसूली आदेश पारित कर राशि जमा कराने के लिए आदेशित किया गया था, लेकिन सरपंच व सचिव द्वारा वसूली राशि जमा नहीं की गई।
4. जनपद पंचायत पंधाना की भिलाईखेड़ा ग्राम पंचायत
जनपद पंचायत पंधाना के तहत ग्राम पंचायत भिलाईखेडा में पंच परमेश्वर योजनांतर्गत साल 2013-14 में स्वीकृत सीसी रोड छन्दुलाल पडल्या के घर से चंपालाल के घर तक कार्य पर राशि आहरित कर कार्य नहीं कराया गया। ग्राम पंचायत भिलाईखेडा की तत्कालीन सरपंच कमलाबाई के विरूद्व आदेश जारी हुए। 2 नवंबर 2023 को 40 हजार रूपए वसूली आदेश पारित हुए, लेकिन सरपंच ने राशि जमा नहीं कराई।
5. जनपद पंचायत पंधाना की ग्राम पंचायत चिचखेड़ा
जनपद पंचायत पंधाना के तहत ग्राम पंचायत चिचखेडा में साल 2017-18 व 2018-19 में स्वीकृत सीसी रोड बैनीराम के घर से मेन रोड तक, पक्की नाली निर्माण सुखराम नत्थू के घर से रशीद के घर तक एवं पक्की नाली निर्माण दयाराम नत्थू के घर से फरीज काजू के घर तक कार्य नहीं कराया गया। मामले में 1 लाख 37 हजार 961 रूपए वसूली के लिए तत्कालीन सरपंच साबुद्दीन करीम खान के खिलाफ जारी हुए, उन्होंने राशि जमा नहीं कराई।
6. पुनासा जनपद की ग्राम पंचायत बड़नगर रैय्यत
जनपद पंचायत पुनासा के तहत ग्राम पंचायत बडनगर रैयत में साल 2012-13 में स्वीकृत भवन निर्माण कार्य नहीं कराया गया। ग्राम पंचायत बडनगर रैयत के तत्कालीन सरपंच हरेराम पटेल के विरूद्ध आदेश जारी हुए। सरपंच के खिलाफ 27 मार्च.2024 को 1 लाख 83 हजार 561 रूपए राशि का वसूली आदेश पारित किया गया था, लेकिन वसूली राशि जमा नहीं कराई गई।














