भोपाल….
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गुरुवार देर रात 14 कलेक्टरों को इधर-उधर करने के साथ ही 26 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। तीन साल 4 महीने से ज्यादा समय तक धार कलेक्टर रहे 2013 बैच के प्रियंक मिश्रा अब भोपाल के नए कलेक्टर होंगे। भोपाल कलेक्टर रहे कौशलेंद्र विक्रम सिंह मुख्यमंत्री के सचिव बनाए गए हैं। उन्हें टीएंडसीपी का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
कलेक्टरों के तबादले के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच एक सप्ताह में चार बार बैठक हुई। गुरुवार को ही पहले सुबह और फिर शाम को हुई बैठक में तमाम नामों पर सहमति बनी। इसके बाद सूची जारी की गई।
बताया गया है कि पूर्व में भोपाल कलेक्टर और कमिश्नर समेत कुछ नामों को लेकर सीएम-सीएस में सहमति नहीं बन रही थी। बाद में धार कलेक्टर रहे प्रियंक पर ही सहमति बनी। वे भोपाल कलेक्टर बनाए गए हैं। भोपाल संभागीय आयुक्त व 2005 बैच के आईएएस संजीव सिंह का नाम अभी सूची से बाहर रखा गया है। बताया जाता है कि इनकी जगह आने वाले अफसर अभी चुनाव ड्यूटी पर हैं। दमोह कलेक्टर रहे सुधीर कोचर को सीएम ऑफिस में उप सचिव बनाया गया है। उन्हें एप्को के ईडी का प्रभार दिया गया है।
कौशलेंद्र के लिए सीएम सचिव व टीएंडसीपी की चर्चा भी करीब दो माह से थी। वे दो साल भोपाल कलेक्टर रहे। इससे पहले जनवरी 2024 को उन्हें भोपाल कलेक्टर बनाया था, लेकिन 24 घंटे में ही वह आदेश बदलकर आशीष सिंह को यहां भेज दिया था।

सोनिया मीना से कलेक्टरी ली, अब भी 17 महिला कलेक्टर
सवा दो साल नर्मदापुरम कलेक्टर रहीं सोनिया मीना को वित्त विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। सोमेश मिश्रा को मंडला से नर्मदापुरम कलेक्टर बनाकर भेजा गया है। मप्र में 17 महिला कलेक्टर अब भी बरकरार हैं। 2013 बैच की सोनिया के अलावा 2014 बैच की शीतला को सिवनी से और 2014 बैच की रानी बाटड को मैहर से हटा दिया गया। 2015 बैच की राखी सहाय को उमरिया, शीला दाहिमा को श्योपुर, बिदिशा मुखर्जी को मैहर की कलेक्टरी सौंपी है।
वरिष्ठ आईएएस व आईपीएस की सूची भी जल्द आएगी….
अपर मुख्य सचिव (एसीएस), प्रमुख सचिव (पीएस) और सचिव स्तर के अधिकारियों के कामकाज में भी जल्द बदलाव होगा। उच्च स्तर पर आईपीएस की लिस्ट भी तकरीबन तैयार है। 2-3 दिन में एसपी के साथ मैदानी अमले (डीएसपी स्तर) में बदलाव होगा। डीआईजी-आईजी में भी फेरबदल संभावित है।














