भोपाल….
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री निवास में आयोजित किसान सम्मेलन में प्रदेशभर से आए ढाई हजार से ज्यादा किसानों से संवाद किया। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों और कृषि से जुड़े कामों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कृष्ण और बलराम की वेशभूषा में आए बच्चों को देखकर सीएम ने उन्हें पांच-पांच हजार रुपए देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसान के बेटे को मुख्यमंत्री बनाया, जबकि कांग्रेस ने ऐसा कभी नहीं किया।
सोलर पंप पर अब मिलेगी 90% सब्सिडी’
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पहले सोलर पंप पर किसान को 40 फीसदी और सरकार को 60 फीसदी राशि देनी पड़ती थी। अब सरकार 90 फीसदी तक की सब्सिडी देगी और किसान को केवल 10 फीसदी राशि देनी होगी। उन्होंने बताया कि पांच हार्स पावर के कनेक्शन पर किसान को सिर्फ साढ़े सात हजार रुपए देने होंगे, जबकि सरकार प्रत्येक कनेक्शन पर 51 हजार रुपए की सब्सिडी देगी। इससे किसान न केवल सिंचाई कर सकेंगे, बल्कि घर की बिजली की जरूरत भी सोलर पंप से पूरी कर पाएंगे।
पांच हार्स पावर तक अपग्रेड करने का मौका
सीएम यादव ने कहा कि जिन किसानों के पास अभी तीन हार्स पावर का कनेक्शन है, वे केवल दस फीसदी राशि देकर पांच हार्स पावर का कनेक्शन ले सकते हैं। वर्तमान में प्रदेश में दो लाख अस्थायी और तीन लाख स्थायी सिंचाई पंप कनेक्शन हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश का सिंचाई रकबा अब 52 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है, और केन-बेतवा, पार्वती, कालीसिंध व चंबल नदी जोड़ो परियोजनाओं से यह रकबा और बढ़ेगा।
फूड प्रोसेसिंग और भावांतर से किसानों को फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की उपज का पूरा दाम दिलाने के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित करने पर काम कर रही है। टमाटर, प्याज और सब्जियां फेंकने की नौबत कम करने के लिए सरकार स्थायी समाधान तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन में भाव के अंतर की राशि सरकार किसानों को देगी। साथ ही भाईदूज पर किसानों को 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे।














