भोपाल….
किसानों की जल जरूरतों को पूरा करते हुए अर्पण सेवा संस्थान ने एचडीएफसी बैंक परिवर्तन के सहयोग से होलिस्टिक रूरल डेवलपमेंट प्रोग्राम (HRDP) के तहत फंदा ब्लॉक में 13 फार्म पॉन्ड का सफल निर्माण किया है।
यह पहल किसानों के लिए जल संरक्षण, कृषि लचीलापन और स्थायी आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है। इन फार्म पॉन्ड्स से लगभग 28,700 घन मीटर जल भंडारण क्षमता विकसित हुई है, जिससे 196 एकड़ भूमि को सिंचाई की सुविधा मिली और 65 किसान सीधे लाभान्वित हुए हैं। ये जल संरचनाएँ अब किसानों की फसल सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रही हैं।
एचडीएफसी बैंक परिवर्तन समर्थित HRDP भोपाल परियोजना (P0981) के अंतर्गत हताईखेड़ी ग्राम में एक आदर्श फार्म पॉन्ड मॉडल विकसित किया गया, जिसे बाद में अन्य ग्रामों में भी दोहराया गया। इस मॉडल में वर्षा जल संचयन, भूमि का कुशल उपयोग और फसल विविधता पर विशेष ध्यान दिया गया है।
हताईखेड़ी के प्रगतिशील किसान श्री महेन्द्र वर्मा ने इस मॉडल को अपनाते हुए मूंग की खेती से रु. 2.5 लाख और अरहर की फसल से रु. 15,000 की अतिरिक्त आय अर्जित की। फार्म पॉन्ड की मेड़ों पर अरहर की फसल लगाकर उन्होंने भूमि के अधिकतम उपयोग का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।














