इंदौर….
पुलिस के मुताबिक मानवता नगर निवासी तरुण चौहान मनोरमागंज क्षेत्र में कैफे संचालित करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी अभिषेक पाल से हुई थी। अभिषेक ने खुद को शेयर मार्केट निवेशक बताते हुए Angel One एप्लीकेशन के जरिए निवेश करने पर कई गुना मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
7 लाख से अधिक की राशि खाते में ट्रांसफर करवाई….
आरोपी की बातों में आकर तरुण ने 24 अप्रैल 2025 से 4 अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 7 लाख 23 हजार रुपए अभिषेक के खाते में ट्रांसफर कर दिए। आरोपी हर ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट और रसीद भी भेजता था, जिससे फरियादी को भरोसा बना रहा।
कुछ समय बाद अभिषेक ने तरुण के फोन उठाना बंद कर दिए और निवेश की रकम भी वापस नहीं की। इसके बाद मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की गई। जांच के बाद कनाड़िया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।














