कोलारस/ शिवपुरी….
30 जून से मनरेगा योजना बंद होने जा रही है। इससे पहले शिवपुरी जिले की कुछ ग्राम पंचायतों में अधूरे कार्यों पर फर्जी तरीके से मजदूरी भुगतान कराने की कोशिशों के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कार्रवाई और संभावित वसूली से बचने के लिए क्लोन एप के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज की जा रही है, जबकि संबंधित कार्यस्थलों पर कोई काम नहीं चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक मनरेगा योजना के तहत स्वीकृति कई काम अधूरे पड़े हैं। कोलारस जनपद की ग्राम पंचायत गणेशखेड़ा, सेसईखुर्द और गोरा टीला में अधूरे कामों में ऑनलाइन हाजिरी लग रही है। लेकिन संबंधित ग्राम पंचायतों में मौके पर कोई काम नहीं चल रहे हैं।
आईडी पासवर्ड के साथ साइट की लोकेशन के जरिए दूसरी जगह से क्लोन एप से हाजिरी लगाई जा रही है। बता दें कि विकसित भारत जी राम जी योजना 1 जुलाई 2026 से लागू होने जा रही है। ऐसे में मनरेगा योजना के कामों को लेकर समीक्षा चल रही है।
फर्जी हाजिरी से मजदूरी निकालने की जुगत,पंचायतों में डिजिटल हाजिरी पर सवाल….
तीन ग्राम पंचायतें : मौके पर काम नहीं हो रहा….

1. ग्राम पंचायत गणेशखेड़ा पिपरोदा में रुंध नाले पर 18.13 लाख का स्वीकृत तालाब अधूरा है, जिस पर 1.72 लाख खर्च हो चुके हैं। अब बची हुई राशि निकालने के लिए 3 से 8 जून तक लगातार रोजाना 180 फर्जी मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी लगाई गई।
2. ग्राम पंचायत सेसईखुर्द टुड़यावद रास्ते पर लल्लीराम के खेत पास 17.64 लाख की पाइप पुलिया मंजूर है, जिस पर 3.83 लाख खर्च हो चुके हैं। अब शेष राशि निकालने के लिए 3 से 7 जून तक रोजाना 121 से 131 मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाई गई।
3. ग्राम पंचायत गोरा टीला हीरापुर में 9.85 लाख के बंध और 5.24 लाख के एलबीएस कार्य पर क्रमशः 2.95 लाख व 1.18 लाख खर्च हुए। मौके पर सन्नाटे के बावजूद दोनों कार्यों में 3 से 8 जून तक रोजाना 101 से 111 फर्जी मजदूरों की हाजिरी लगी।
जिन कामों में 30% कम खर्च, उनमें सरपंच-सचिवों से वसूली की तैयारी….
मनरेगा योजना के तहत जिन कामों में 30% व इससे कम प्रगति है। ऐसे कामों का भौतिक सत्यापन के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। 30% कम राशि पर संबंधित सरपंच-सचिवों से राशि वसूली जाएगी। वसूली से बचने के लिए सरपंच-सचिव मनरेगा मद के संबंधित कामों में फर्जी हाजिरी लगवाकर भुगतान की जुगत में हैं।
फर्जी हाजिरी में भुगतान नहीं होगा….
संबंधित सरपंच-सचिव से 30% कम प्रगति वाले कार्यों में राशि की वसूली होगी। मनरेगा पोर्टल पर प्रतिदिन बदलाव हो रहे हैं। भोपाल स्तर से फोटो प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। – विशाल सिंह तोमर , नोडल, मनरेगा योजना जिपं















