लाऊखेड़ी में तीन दिवसीय कार्यशाला का समापन; प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व उपहार वितरित, चार युवाओं ने उद्योग लगाने की दिखाई रुचि
सीहोर/इछावर….
ग्राम पंचायत लाऊखेड़ी में अभ्युदय रिसर्च एंड सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन के तत्वावधान में तथा मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी), भोपाल के प्रायोजन से आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला “पराली से समृद्धि : स्वच्छ पर्यावरण और खुशहाल जीवन” का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी (झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ) डॉ. राजकुमार मालवीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कृषि अवशेष आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं, प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहायता का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि किसान और ग्रामीण युवा स्वरोजगार से जुड़ सकें।

समारोह में डॉ. राजकुमार मालवीय ने कार्यशाला के सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले प्रतिभागियों को विशेष उपहार प्रदान किए गए। आयोजन को सफल बनाने वाले सात सदस्यीय सहयोगी दल को भी उनके उत्कृष्ट सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के दौरान समाजसेवी शिवनारायण तोमर ने जमीनी स्तर पर कृषि अवशेष आधारित उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, चुनौतियों और संभावनाओं पर व्याख्यान दिया। फाउंडेशन के सचिव एवं विषय विशेषज्ञ डॉ. राघवेंद्र खेड़ले ने प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित कर प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और उद्यम स्थापना से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यशाला का सकारात्मक परिणाम भी सामने आया। चार ग्रामीण युवाओं ने कृषि अवशेष आधारित उद्यम स्थापित करने में रुचि व्यक्त की, जबकि शीला दीदी के नेतृत्व में एक महिला स्व-सहायता समूह ने सामूहिक रूप से उद्यम शुरू करने पर सहमति जताई।

सरपंच माया धर्मेंद्र मालवीय ने कहा- “ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए बेहद उपयोगी हैं। इससे लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिलती है। हम अभ्युदय रिसर्च एंड सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा सभी विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमारे गांव में यह महत्वपूर्ण आयोजन किया। हमें विश्वास है कि इस प्रशिक्षण का लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिलेगा।”
समापन समारोह में समाजसेवी शिवनारायण तोमर, तकनीकी सहायक सतीश मालवीय, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष (अनुसूचित मोर्चा) धर्मेंद्र पचलानिया, पूर्व जनपद सदस्य सोभाल सिंह, उपसरपंच अरविंद पटेल, सहायक राकेश राठौर, शीला दीदी, आकाश एवं सचिन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं और युवा उपस्थित रहे।















