इंदौर….
फेसबुक विज्ञापन देखकर किया संपर्क
एरोड्रम पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी ब्रोकर नितेश दवे ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़े MEXC और VISTAGLOBLEXCAPITAL.IMT के विज्ञापन देखे थे। विज्ञापन में कम समय में अच्छा रिटर्न देने का दावा किया गया था।
इसके बाद उनकी बातचीत व्हाट्सएप पर एक महिला से हुई, जिसने अपना नाम आराध्या शर्मा बताया। उसने खुद को MEXC कंपनी से जुड़ा बताते हुए कहा कि कंपनी क्रिप्टोकरेंसी और USDT में निवेश कराती है और निवेशकों को अच्छा मुनाफा मिलता है।
आराध्या शर्मा ने नितेश को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा और वहां हरीनी पटेल नाम की महिला को सीनियर अधिकारी बताकर परिचय कराया। इसके बाद ऑनलाइन एक एग्रीमेंट साइन कराया गया, जिसमें बताया गया कि कंपनी द्वारा दिलाए गए मुनाफे का 15 प्रतिशत कमीशन देना होगा।
पहले मुनाफा देकर जीता भरोसा
शुरुआत में 4 अप्रैल को नितेश से यूपीआई के माध्यम से 10 हजार रुपए निवेश कराए गए। कुछ समय बाद उन्हें करीब 13 हजार रुपए वापस मिले। इससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद सात दिन के निवेश प्लान का झांसा देकर लगातार रकम जमा कराई गई।
28 ट्रांजेक्शन में डलवा लिए 17.84 लाख रुपए
आरोपियों ने अलग-अलग खातों में कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। एक बार में करीब 21 और दूसरी बार में 7 ट्रांजेक्शन कराए गए। इस तरह कुल 17 लाख 84 हजार रुपए विभिन्न बैंक खातों में जमा करवा लिए गए।
पैसे मांगने पर बंद कर लिया मोबाइल
जब नितेश ने अपना निवेश और मुनाफे की राशि निकालने की बात कही तो आराध्या शर्मा ने फोन उठाना बंद कर दिया। कुछ समय बाद उसका मोबाइल नंबर बंद हो गया और पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप से भी हटा दिया गया। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद एरोड्रम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों और संबंधित बैंक खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस ट्रांजेक्शन और खातों की जानकारी जुटा रही है।















